Ghansyam Sharma / Mon, Jul 21, 2025 / Post views : 166
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
थाना माकड़ी पुलिस द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल लुभा में सोमवार को चलित थाना स्थापित कर छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को विभिन्न सामाजिक व कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व माकड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा हाल ही में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 — की मूलभूत जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त, सायबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर कानूनों के प्रति सजगता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की पहचान और उनसे बचाव की जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और कानून द्वारा उपलब्ध सुरक्षा उपायों के विषय में जागरूक किया गया।
यातायात नियमों पर बोलते हुए छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातों का पालन करने की अपील की गई।
इसके साथ ही नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को नशीली दवाओं व मादक पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी गई। उन्होंने बताया कि ऐसे पदार्थ न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक हैं, बल्कि व्यक्ति के भविष्य को भी बर्बाद कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र रखा गया, जिसमें छात्रों ने खुलकर सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों ने उनका सरल व स्पष्ट उत्तर देकर जिज्ञासाओं को शांत किया।
इस मौके पर स्कूल के शिक्षकगण, पुलिसकर्मी एवं अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और उन्हें सही दिशा देने का कार्य करते हैं।
सोत्रpropolice
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन