Ghansyam Sharma / Wed, Aug 20, 2025 / Post views : 150
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोण्डागांव में नक्सली दंपत्ति सहित चार इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले इन सभी नक्सलियों पर छत्तीसगढ़ शासन ने कुल 22 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
आत्मसमर्पण करने वालों में लक्ष्मण कोर्राम उर्फ जुन्नू (इनामी 8 लाख), उसकी पत्नी मड्डो उर्फ जरीना (इनामी 5 लाख), पांडूराम (इनामी 1 लाख) और सखाराम (इनामी 8 लाख) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये सभी कोंडागांव, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा व मानपुर मोहला क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनमें जवानों की हत्या, फायरिंग, लूटपाट, आगजनी, अपहरण और आईईडी ब्लास्ट जैसी घटनाएं शामिल हैं।
सुरक्षा बलों के लगातार दबाव, संगठन में बढ़ते मतभेद और समाज की मुख्यधारा में लौटकर सुरक्षित पारिवारिक जीवन जीने की चाह ने इन्हें हथियार छोड़ने पर मजबूर किया। शासन की विकास योजनाएं, सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और पुनर्वास नीति का प्रचार-प्रसार भी इसके बड़े कारण बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक वॉय अक्षय कुमार (भा.पु.से.) की उपस्थिति में हुए आत्मसमर्पण के दौरान सभी को शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। आगे उन्हें अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
आत्मसमर्पण कार्यक्रम में सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के कमांडेंट भावेश चौधरी, एएसपी रूपेश डांडे, डीएसपी सतीष भार्गव व नक्सल सेल प्रभारी विकासचंद राय मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासन की नीतियों और सुरक्षा बलों की सकारात्मक पहल से भविष्य में और भी नक्सली आत्मसमर्पण की राह पकड़ेंगे।
देखें वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन