Ghansyam Sharma / Thu, Sep 4, 2025 / Post views : 219
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
जिला प्रशासन की पहल से कोंडागांव विकासखंड के ग्राम पदनार और सुदूर क्षेत्र मूंगवाल के 50 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बच्चों के अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
जन्म प्रमाण पत्र न होने के कारण बच्चे अब तक शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति और शिक्षा संबंधी सुविधाओं से वंचित थे। प्रशासनिक प्रयासों के बाद अब बच्चे इन योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। ग्राम पंचायत पदनार द्वारा जनदर्शन में इस समस्या की जानकारी दी गई थी। इसके बाद कलेक्टर ने तहसीलदार मर्दापाल और जिला रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) को सभी प्रमाण पत्र जल्दी जारी करने के निर्देश दिए। संयुक्त प्रयासों से सभी प्रमाण पत्र प्राथमिक शाला मूंगवाल में वितरित किए गए। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जन्म एवं मृत्यु पंजीयन की प्रक्रिया:
जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी के अनुसार, जन्म और मृत्यु का पंजीकरण घटना के 21 दिनों के भीतर निःशुल्क कराया जा सकता है। शासकीय अस्पताल में जन्म या मृत्यु होने पर प्रमाण पत्र उसी संस्थान से प्राप्त करें। निजी अस्पताल या घर पर जन्म/मृत्यु होने पर संबंधित ग्राम पंचायत या नगर निकाय में सूचना दें। शिशु का नाम न होने पर भी जन्म पंजीयन कराया जा सकता है और 12 माह के भीतर निःशुल्क नाम जोड़ा जा सकता है।
आवश्यक दस्तावेज: पहचान प्रमाण (आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड आदि), निवास प्रमाण, मृत्यु पंजीयन के लिए चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मृत्यु प्रमाण या पंचनामा।
ऑनलाइन पंजीयन: https://dc.crsorgi.gov.in/crs/Auth/generalpublic पर घटना की सूचना 21 दिनों के भीतर दर्ज की जा सकती है। पंजीयन के बाद प्रमाण पत्र ईमेल और मोबाइल पर उपलब्ध होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन