Ghansyam Sharma / Fri, Jun 6, 2025 / Post views : 183
कोंडागांव जिले में 397 स्कूल बंद करने के निर्णय का कांग्रेस ने किया विरोध
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (अजय थॉमस)
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने कोण्डागांव कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “युक्तियुक्तकरण” के नाम पर प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10,463 स्कूल, बस्तर संभाग में 1,163 और सिर्फ कोंडागांव जिले में 397 स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है, जो शिक्षा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
बिरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के समय 35,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन अब 45,000 शिक्षकों के पद समाप्त करने की ओर अग्रसर है। इससे न केवल शिक्षकों का रोजगार प्रभावित होगा, बल्कि स्कूलों में काम करने वाले प्यून, रसोइया, सफाईकर्मी और स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आजीविका भी खतरे में पड़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण से शिक्षा की गुणवत्ता सुधरने की बजाय और गिर जाएगी। शिक्षक बार-बार स्थानांतरित किए जाएंगे, जिससे बच्चों और शिक्षकों के बीच की समझ और निरंतरता खत्म हो जाएगी। इससे पिछड़े क्षेत्रों के बच्चे पढ़ाई से वंचित रह जाएंगे।
ठाकुर ने सवाल उठाया कि सरकार को आखिर पिछड़े इलाकों के स्कूल बंद करने की क्या जरूरत आन पड़ी? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि आदिवासी और गरीब वर्ग के बच्चे शिक्षित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जहां आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलकर गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर दिया, वहीं भाजपा सरकार को यह रास नहीं आ रहा।
बिरेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 67 नई शराब दुकानें खोली गई हैं और पढ़े-लिखे युवा नशे और अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर है और विकास कार्य ठप हो चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 8 जून से पहले स्कूल बंदी की योजना इसलिए लाई गई ताकि कोर्ट में चुनौती न दी जा सके।
उन्होंने नई 1+1 शिक्षक नीति को भी अव्यवहारिक बताया और कहा कि यह बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। कांग्रेस पार्टी इस नीति का पूरी ताकत से विरोध करेगी। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही प्रदेशभर में बीईओ कार्यालयों का घेराव किया जाएगा, शिक्षा न्याय यात्रा निकाली जाएगी और जिन स्कूलों को बंद किया गया है, उनके सामने पालकों और ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, जिला महामंत्री गीतेश गांधी, रितेश पटेल, जिला पंचायत सदस्य कपिलकांत नाग और मंडल अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन