Ghansyam Sharma / Thu, Aug 7, 2025 / Post views : 155
तिरंगा राष्ट्र की एकता और स्वाभिमान का प्रतीक – दीपेश अरोरा
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर "मोर तिरंगा मोर अभिमान" अभियान के तहत आगामी 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला कार्यालय कोंडागांव में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य हर घर पर तिरंगा फहराने हेतु कार्ययोजना तैयार कर जनसहभागिता को सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ‘तिरंगा यात्रा कार्यक्रम’ की प्रदेश टोली के सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा उपस्थित रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल अभियान नहीं, राष्ट्रभक्ति का पर्व है। तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक है। यह अभियान हर नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है।
दीपेश अरोरा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मंडल और बूथ स्तर पर गांव-गांव जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ें और इसे जन-आंदोलन बनाएं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि तिरंगा हमारे वीरों के बलिदान की पहचान है। आज़ादी का अमृत महोत्सव अवसर है कि हम इस तिरंगे को हर घर तक पहुंचाएं और लोगों को इसके गौरव से जोड़ें।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, मनोज जैन, प्रवीर बदेशा, गोपाल दीक्षित, नरपति पटेल, जसकेतु उसेंडी, प्रशांत पात्र, तरुण साना, आकाश मेहता, दयाराम पटेल सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं मंडल पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन