Ghansyam Sharma / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 39
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बस्तर की पारंपरिक लौह शिल्प कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कलाकार तीजू राम विश्वकर्मा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कला संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी को इस पारंपरिक शिल्प से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि तीजू राम विश्वकर्मा ने अपने पिता से सीखी लौह शिल्प कला को वर्षों की मेहनत और लगन से आगे बढ़ाया है। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने अन्य कारीगरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार किए। इटली और रूस की प्रदर्शनियों में उनके शिल्प को प्रदर्शित किए जाने से बस्तर की कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। राष्ट्रपति के हाथों प्राप्त राष्ट्रीय पुरस्कार पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान का उल्लेख करते हुए स्थानीय कलाकारों और उत्पादों को प्रोत्साहित करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री का पत्र पाकर तीजू राम विश्वकर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है और वे बस्तर की पारंपरिक लौह शिल्प कला के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए आगे भी प्रयास करते रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन