Ghansyam Sharma / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 28
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बस्तर संभाग को जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर सर्व समाज कोण्डागांव ने कलेक्टर को मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नाम ज्ञापन सौंपा। सर्व समाज ने रावघाट-जगदलपुर रेललाइन का निर्माण तत्काल शुरू करने और कोण्डागांव से नारायणपुर तथा जगदलपुर दोनों दिशाओं में एक साथ काम प्रारंभ करने की मांग की है। इसके लिए रेलवे को तीन माह का अल्टीमेटम दिया गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मई 2015 को दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेललाइन परियोजना की घोषणा की थी। वर्ष 2022 तक लक्ष्य निर्धारित होने के बावजूद अब तक जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। सर्व समाज ने परियोजना के लिए 3,513.11 करोड़ रुपये की बजट स्वीकृति का हवाला देते हुए निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाए।
संगठन का कहना है कि बस्तर को केवल रावघाट तक सीमित रेल सुविधा नहीं, बल्कि जगदलपुर तक नियमित यात्री रेल सेवा चाहिए। रेलवे से निविदा प्रक्रिया, निर्माण प्रारंभ करने की तारीख और परियोजना पूर्ण करने की समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।
तीन माह में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन
सर्व समाज ने चेतावनी दी कि ज्ञापन प्राप्ति के तीन माह के भीतर कोण्डागांव से दोनों दिशाओं में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो कोण्डागांव बंद, आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार अभियान और व्यापक शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन, संरक्षक एमडी बघेल, शांतिलाल सुराना, आरके जैन, जिला कोषाध्यक्ष आईसी निषाद, रामेश्वर बघेल, सचिन नेपाल सिंह सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सर्व समाज ने कहा कि जगदलपुर तक रेललाइन पहुंचने से बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को गति मिलेगी। संगठन की मांग है कि बस्तर को केवल रेललाइन के नक्शे में नहीं, बल्कि धरातल पर यात्री रेल सुविधा से जोड़ा जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन