Ghansyam Sharma / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 47
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने केशकाल क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 4 नवंबर को की गई इस कार्रवाई में खाद्य पदार्थों के 6 नमूने संकलित किए गए, वहीं मानव उपभोग के अयोग्य पाए गए 15 किलोग्राम खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से बेसन, मैदा, अंजीर कतली, पनीर और खोवा के नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान खराब एवं अनुपयोगी पाई गई सूजी, सौंफ, कोकोनट चूरा और मोतीचूर के लड्डू सहित कुल 15 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट एवं खराब खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए जिले में जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन