Ghansyam Sharma / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 15
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केशकाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल महिंद्रा XUV-500 कार सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिल्वर रंग की महिंद्रा XUV-500 कार क्रमांक OD-10-V-7053 से गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में चालक सीट के पीछे और डिक्की में भूरे रंग के सेलोटेप से पैक किए गए 78 पैकेट मिले। जांच में इनमें गांजा पाया गया।
पुलिस ने चालक की पहचान दीपक कुमार माली (31 वर्ष), निवासी जिला प्रतापगढ़, राजस्थान के रूप में की। तलाशी में उसके पास से मोबाइल और 1100 रुपये नकद भी मिले। वाहन से राजस्थान की एक अन्य नंबर प्लेट भी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित केशकाल पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन