Ghansyam Sharma / Fri, Aug 15, 2025 / Post views : 183
मोहम्मद नगर कॉलोनी में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही कॉलोनी में बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। तिरंगे झंडों से सजी गलियाँ और रंग-बिरंगी सजावट ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलोनी ऑर्गनाइज़र मोहम्मद यासीन और सभी कॉलोनीवासियों के संयुक्त प्रयास से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद यासीन ने की, जबकि ध्वजारोहण का सम्मान कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक देवेंद्र राम यादव ने किया। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान गूंज उठा और सभी उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज जो आज़ादी हमें मिली है, वह हमारे वीर जवानों के बलिदान का परिणाम है। इस मिट्टी में उन सपूतों का लहू रचा-बसा है जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा की। हम उनके अदम्य साहस और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। वक्ताओं ने सभी से अपील की कि वे आज़ादी के परवानों के आदर्शों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में सभी जाति और संप्रदाय के लोग एकजुट होकर शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंज उठा। इस आयोजन को सफल बनाने में सन्नी गिल, समीर गुप्ता, शम्स शेख, पवन झा, मोहम्मद शकील सिद्दीकी, गुड्डू, आरिफ, शकील रज़वी, असद रज़वी, कन्हैय्या जैन, मितेश पटेल, लिली जॉन, अनिला अंसारी, कोमल गुप्ता, राजकुमारी गुप्ता, रामायण सिंह, आर.एस. मिश्रा, नूतन झा, हिना सिद्दीकी, असलम कपाड़िया, सुरेश घटोड़े सहित अन्य कॉलोनीवासियों का विशेष योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की उन्नति और समृद्धि की कामना की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन