Bhavesh Jain / Sat, Oct 18, 2025 / Post views : 198
आदि कर्मयोगी अभियान और पीएम जनमन योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान
रायपुर। पत्रिका लुक ( भावेश जैन)
छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। आदि कर्मयोगी अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राज्य को आज भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य’ सम्मान प्रदान किया गया। राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में यह सम्मान राज्य की ओर से जनजातीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर बोरा ने पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय समुदायों, विशेषकर पिछड़ी जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुआल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके और मंत्रालय के सचिव विभु नायर भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों और फील्ड टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उन कर्मयोगियों के समर्पण और मेहनत की पहचान है, जिन्होंने जनजातीय सशक्तिकरण के लक्ष्य को धरातल पर साकार किया है।
कार्यक्रम में धमतरी और कोरिया जिलों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, जनजाति विभाग के स्टेट ट्रेनर श्री ललित शुक्ला को व्यक्तिगत श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त हुआ। आदि कर्मयोगी अभियान के तहत मोहला-मानपुर, बालोद, दंतेवाड़ा और धमतरी जिलों को ‘स्क्रीन फेलिसिटेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
आदिम जाति विकास मंत्री ल राम विचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में विभाग ने जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया है। यह सम्मान राज्य के अधिकारियों, फील्ड कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन