Ghansyam Sharma / Tue, Jul 22, 2025 / Post views : 167
ईडी की कार्रवाई के खिलाफ चक्काजाम कर की आर्थिक नाकेबंदी
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
प्रदेश में बिजली दरों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी, लगातार बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ 22 जुलाई मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया। साथ ही ईडी की कांग्रेस नेताओं पर की जा रही कथित द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में चक्काजाम कर आर्थिक नाकेबंदी की गई।
कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता एकत्र हुए और बजरंगबली का आशीर्वाद लेकर रैली निकाली गई। पुराना विश्रामगृह चौक पर ईडी के विरोध में सड़क जाम किया गया, जिससे आवागमन बाधित हुआ। इसके पश्चात रैली नगरघड़ी चौक होते हुए बिजली कार्यालय पहुँची। पुलिस की कड़ी सुरक्षा और बेरिकेडिंग को तोड़ते हुए बिजली ऑफिस तक जा पहुंचे ओर जम कर नारे बाजी की।
प्रदर्शन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया, जिसमें बिजली दर वृद्धि पर रोक, स्मार्ट मीटर न लगाने और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने की मांग की गई।
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बिजली पूरी मिलती थी और बिल हाफ आता था। अब बिजली आधी और बिल दुगुना-तिगुना आ रहा है। भाजपा शासन जनता के लिए अभिशाप बन चुका है।
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने कहा, "भाजपा सरकार में बिजली कटौती के साथ बिजली दरों में बढ़ोतरी से किसान व आम जनता त्रस्त है। यही हाल रहा तो कांग्रेस सड़कों पर और भी उग्र आंदोलन करेगी।"
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम,, रवि घोष, देवचंद मतलाम, शांति लाल सुराना, झूमूकलाल दीवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन