Ghansyam Sharma / Fri, Jul 18, 2025 / Post views : 192
फरसगांव । पत्रिका लुक
क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर आम जनता में गुस्सा है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार 18 जुलाई को ब्लॉक कांग्रेस फरसगांव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फरसगांव बिजली कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली व्यवस्था की बदहाली के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। वहीं, घंटों तक बिजली कटौती से किसान सहित आम लोग का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को सौंपते हुए बिजली संकट के शीघ्र समाधान के साथ ही बिजली के बढ़े दामों को वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव रवि घोष, दिनेश जैसवाल, विजय लंगड़े, जयलाल नाग, ललित सलाम, शिवलाल मांडवी, सुखालू मरकाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे ।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन