Ghansyam Sharma / Fri, Jun 27, 2025 / Post views : 171
आत्मानंद स्कूल दहिकोंगा में हुआ गरिमामय आयोजन, मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम रहीं शामिल
शुक्रवार 27 जून को आत्मानंद स्कूल दहिकोंगा प्रांगण में शाला उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोपहर 12:00 बजे उनके स्कूल पहुँचने पर स्कूल परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ व तिलक से उनका गरमजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि मंचासीन हुईं और छात्रों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
उत्सव के अंतर्गत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें तिलक लगाकर, खीर-पुड़ी और मिठाई खिलाई गई तथा फूल भेंट कर आत्मीयता से प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सरस्वती सायकल योजना के तहत 20 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम में "एक पेड़ माँ के नाम" के तहत पौधारोपण भी किया गया। इसके साथ ही राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती कोर्राम ने विद्यार्थियों को “लर्न टुडे, लीड टूमारो” का मंत्र देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने बच्चों को अपने रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास रखने और मेहनत व ईमानदारी से अपने लक्ष्य को पाने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों के सम्मान और मार्गदर्शन में पढ़ाई करने की बात कही।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष तोमेन्द्र सिंग ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रामदई नाग, ग्राम सरपंच प्रेम नेताम, पूर्व जिला सदस्य संतोबाई नाग, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमसिंग नाग, हल्बा समाज अध्यक्ष लुभासिंग नाग सहित अनेक ग्राम सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीणजन, शिक्षक व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में करीब 250 लोग शामिल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन