Ghansyam Sharma / Thu, Jun 26, 2025 / Post views : 181
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
जिले में गुरुवार को नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान के समापन अवसर पर जिला पुलिस, यातायात विभाग एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जागरूकता रैली और जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर के चौपाटी मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः चौपाटी मैदान में समाप्त हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक एवं बस्तर प्राधिकरण उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी रहीं। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मनोज जैन, दीपेश अरोरा, गायत्री परिवार के सदस्य, अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
नशा मुक्ति रैली में गूंजे जागरूकता के नारे
कार्यक्रम की शुरुआत चौपाटी मैदान से नशा मुक्ति रैली के रूप में हुई, जिसमें स्कूली बच्चों, पुलिस, नगर के जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। रैली गांधी चौक होते हुए नगर के मुख्य मार्ग से गुजरते हुए पुनः चौपाटी मैदान लौटी।
इस दौरान बच्चों और युवाओं ने “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “हम सबका है एक ही सपना — नशा मुक्त हो देश अपना” जैसे जोशीले और प्रेरणादायी नारों से पूरे शहर को जागरूकता का संदेश दिया। रैली में हाथों में तख्तियां, बैनर और रंगीन पोस्टर लिए छात्र-छात्राएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
विधायक लता उसेंडी ने दी प्रेरणादायी सीख
विधायक लता उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा, नशा किसी भी व्यक्ति के जीवन को अंधकार में ढकेल देता है। यह न केवल उसके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। अगर हमें एक स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित समाज बनाना है, तो नशा उन्मूलन की दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज के स्थायी बदलाव का माध्यम बनना चाहिए। विशेषकर युवा वर्ग को जागरूक होकर समाज में नेतृत्व करना चाहिए।
नूपुर राशि पन्ना कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा
सड़क सुरक्षा आज की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां हाईवे पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। नए कार्यक्रम के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होता है, तो उसे तुरंत इलाज के लिए किसी भी नजदीकी अस्पताल में सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक की राशि में मुफ्त उपचार मिलेगा। इससे लोग डरने के बजाय समय पर अस्पताल पहुंच सकेंगे। साथ ही, यदि कोई राहगीर घायल व्यक्ति की मदद करता है, तो सरकार द्वारा उसे 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सभी को हेलमेट व सीट बेल्ट का पालन करना चाहिए।

एसपी वाय. अक्षय कुमार का युवाओं से सीधा संवाद
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने अपने वक्तव्य में युवाओं को सीधे संबोधित करते हुए कहा— नशा अपराधों की जड़ है। जब तक हम इससे दूरी नहीं बनाएंगे, तब तक न अपराध रुकेंगे और न दुर्घटनाएं। युवा पीढ़ी को सबसे पहले आगे आना होगा और नशा मुक्त समाज की नींव रखनी होगी।
उन्होंने ट्रैफिक नियमों के पालन पर भी बल दिया और कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण नशा है। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल खुद के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा होता है।
गायत्री परिवार ने किया नैतिक मूल्यों का आह्वान
अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए नशा उन्मूलन हेतु अपने सतत प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में नैतिक और आध्यात्मिक जागृति लाकर ही नशे जैसी बुराइयों को मिटाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने नियमित संयम-साधना व सामूहिक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन