Ghansyam Sharma / Sat, Jun 7, 2025 / Post views : 184
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
शनिवार को जिला कांग्रेस भवन में कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे स्कूल युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस जन आंदोलन छेड़ेंगे। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव तथा शिक्षा न्याय यात्रा निकाली जाएगी। बैठक में तय हुआ कि 10 जून को केशकाल व माकड़ी ब्लॉक तथा 11 जून को कोंडागांव, फरसगांव और विश्रामपुरी ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 18 जून को बजरंगबली जी से आशीर्वाद लेकर शिक्षा न्याय यात्रा निकाली जाएगी, जो कोंडागांव कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। वहां जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर शिक्षा विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों स्कूल बंद कर सरकार बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। स्कूल बंद कर शराब दुकानें खोली जा रही हैं, जिससे स्पष्ट है कि सरकार बस्तर के बच्चों को पढ़ा-लिखा नहीं देखना चाहती। आदिवासी मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा सिर्फ दिखावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि शिक्षा का बुरा हाल है।
जिले के एकलव्य स्कूल का उदाहरण देते हुए कांग्रेस ने बताया कि 54 विद्यार्थियों में केवल 2 छात्र पास हुए, जिसका कारण शिक्षकों की भारी कमी है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार की शिक्षा नीति विफल हो रही है और गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। बैठक में जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भारत देवांगन, शहर अध्यक्ष तरुण गोलछा, पूर्व नपा अध्यक्ष वर्षा यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर भाजपा की शिक्षा नीति का पुरजोर विरोध करने का संकल्प लिया। कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई जनहित में है और जब तक निर्णय वापस नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
सोत्र-procongresskgn
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन