Ghansyam Sharma / Thu, Jul 24, 2025 / Post views : 169
कोण्डागांव । पत्रिका लुक ( मो. शकील सिद्दीकी)
खनिज निगम का अध्यक्ष बनवाने का झांसा देकर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कटारिया से 41 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह मामला केशकाल के वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कटारिया से जुड़ा है, जिन्होंने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि दो लोगों—काजल जोशी उर्फ कोमल झुंगले और राजीव सोनी—ने खुद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा बड़ा पदाधिकारी बताकर उन्हें ठगा।
FIR के अनुसार, आरोपियों ने कटारिया से कहा कि उनके संबंध छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों और खनिज विभाग के उच्च अधिकारियों से हैं और वे उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम का अध्यक्ष बनवा सकते हैं। इसी बहाने महिला आरोपी ने दिल्ली बुलाकर 12 अगस्त 2024 को उनसे पहली मुलाकात की। वहां उसने अपने राजनीतिक रसूख और कथित मंत्री-परिचय का हवाला देते हुए भरोसे में लिया।
इसके बाद 20 अगस्त 2024 को दिल्ली में ही संतोष कटारिया से 20 लाख रुपए नकद लिए गए। वहीं, 26 सितंबर 2024 को 1 लाख 30 हजार रुपए और वॉट्सऐप के ज़रिए डिमांड की गई, जिसे कटारिया ने भेजा। ठगी का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका—अक्टूबर 2024 में रायपुर के एक होटल में फिर 20 लाख रुपए नकद लिए गए। इस तरह कुल मिलाकर 41 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की गई।
जब लंबे समय तक न तो नियुक्ति का कोई पत्र आया, न ही कोई कार्रवाई होती दिखी और आरोपी बार-बार बहानेबाजी करने लगे, तब संतोष कटारिया को ठगे जाने का अहसास हुआ। जब उन्होंने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। काजल जोशी का मोबाइल लगातार बंद आ रहा है और राजीव सोनी का व्हाट्सएप भी अब निष्क्रिय है।
केशकाल पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है जांच में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन