Ghansyam Sharma / Thu, Jul 31, 2025 / Post views : 199
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
आदिम जाति कल्याण एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को कोण्डागांव जिला कार्यालय सभाकक्ष में बस्तर, नारायणपुर और कोण्डागांव जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था राज्य की प्रगति में अहम भूमिका निभाती है, इसलिए किसानों को बीज और खाद की पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मंत्री नेताम ने आदिवासी विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आश्रम-छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं नियमित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को संवेदनशील माहौल में रखा जाए और भोजन में पौष्टिकता के साथ मिलेट्स भी शामिल किए जाएं। सभी निर्माणाधीन छात्रावास भवनों को तीन माह में पूरा करने को कहा गया।
उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना और प्रधानमंत्री जन मन योजना की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि ये योजनाएं जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने वाली हैं और इन्हें विभागीय समन्वय से प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कृषि क्षेत्र में उन्होंने अधिकृत केंद्रों से ही बीज खरीदने हेतु किसानों को जागरूक करने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरक उपयोग की सलाह दी। उद्यानिकी में युवाओं को प्रशिक्षण देने तथा हल्दी उत्पादन को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र प्राप्त भूमि में औषधीय फसलें लगाने और पर्यटन से जोड़ने की बात कही।
बैठक में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने छात्रवृत्ति की उपलब्धता पर जोर दिया, जबकि विधायक नीलकंठ टेकाम ने आश्रम-छात्रावासों में सीसीटीवी व सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की मांग रखी। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में दोनों विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन