Ghansyam Sharma / Wed, Sep 10, 2025 / Post views : 167
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान राज्य नीति आयोग, छत्तीसगढ़ द्वारा तैयार “सतत विकास लक्ष्य (SDG) राज्य एवं जिला प्रगति रिपोर्ट 2024” का विमोचन किया। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
यह रिपोर्ट वर्ष 2023-24 के आंकड़ों पर आधारित है, जिसमें राज्य एवं जिला स्तर पर सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में हुई प्रगति का मूल्यांकन किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2023 में राज्य का कंपोजिट स्कोर 69 था, जो 2024 में बढ़कर 70 हो गया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की सतत विकास की दिशा में सकारात्मक प्रगति को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, ऊर्जा और लॉजिस्टिक जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष बल देकर लक्ष्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह रिपोर्ट नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन और जिला स्तर पर हो रहे कार्यों की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करती है।
राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कहा कि यह आकलन नीति निर्माण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक महत्वपूर्ण आधार है। आयोग का प्रयास है कि प्रत्येक जिले को उसकी ताकत और चुनौतियों के अनुरूप दिशा दी जा सके।
रिपोर्ट के अनुसार 82 संकेतकों के आधार पर जिलों का स्कोर और रैंकिंग तय की गई। जिलों को एस्पिरेटर, परफॉर्मर, फ्रंट रनर और अचीवर श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया। 2024 में 28 जिले फ्रंट रनर, 5 परफॉर्मर और धमतरी अचीवर श्रेणी में रहा। 12 जिलों ने अपने स्कोर में वृद्धि दर्ज की, जबकि 10 जिलों ने स्कोर बरकरार रखा।
राज्य स्तर पर 16 सतत विकास लक्ष्यों के अंतर्गत 275 संकेतकों का मूल्यांकन हुआ, जिनमें से 40 संकेतक 2024 तक ही अपने 2030 लक्ष्य प्राप्त कर चुके हैं। अनुमान है कि अगले दो-तीन वर्षों में 83 संकेतकों के लक्ष्य भी पूरे हो जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन