Ghansyam Sharma / Tue, Aug 5, 2025 / Post views : 167
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिए सख्त निर्देश, 80 लाख से बनेगा नया ओटी
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( मो.शकील सिद्दीकी)
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय कोण्डागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को इलाज में असुविधा न हो और सभी आवश्यक दवाइयाँ समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
80 लाख से बनेगा नया ऑपरेशन थियेटर
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जिला चिकित्सालय में नये ऑपरेशन थियेटर के निर्माण हेतु 80 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में बेड की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
वार्डों और सुविधाओं का लिया जायजा
स्वास्थ्य मंत्री ने आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, मेजर ओटी, सर्जिकल वार्ड और अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली। साथ ही, मरम्मत कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए सीजीएमएससी अधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
मातृ शिशु चिकित्सालय का निरीक्षण
मंत्री ने मातृ शिशु चिकित्सालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का भी दौरा किया। सोनोग्राफी कक्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, चिकित्सालय में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए जिला स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने और राज्य स्तर पर शेष पदों की भर्ती कराने की बात कही।
कार्यक्रम में रहे अनेक अधिकारी
निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी और सिविल सर्जन डॉ. प्रेम मंडावी भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन