Ghansyam Sharma / Wed, Sep 17, 2025 / Post views : 167
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केशकाल में “सशक्त नारी, स्वस्थ नारी, बढ़ता भारत” थीम पर नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष नंदनी पोटाई, जिला संयोजक राजकिशोर राठी, मंडल महामंत्री नवदीप सोनी, पार्षद हीरा बेन सोलंकी, पार्षद हर्षा कोठारी, डॉ. बिसेन, अस्पताल स्टाफ, मितानिन दीदी और स्थानीय स्कूलों की छात्राएँ शामिल हुईं।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नंदनी पोटाई ने कहा कि स्वस्थ नारी ही परिवार और देश को आगे बढ़ाने की शक्ति रखती है। महिलाओं का स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। वहीं, जिला संयोजक राजकिशोर राठी ने प्रधानमंत्री की विभिन्न योजनाओं—बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला, स्टार्टअप, मुद्रा लोन और ड्रोन दीदी—को महिलाओं के सशक्तिकरण की ठोस पहल बताया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के तहत बुधवार को शहर में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में अभियान से जुड़े पोस्टर और नारे लिखी तख्तियाँ लेकर मुख्य मार्गों पर मार्च किया। रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व का संदेश लोगों तक पहुँचाया गया।
स्कूली बच्चों ने नारे लगाकर नागरिकों से अपील की कि वे माताओं, बहनों और बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं में एनीमिया, कैंसर जैसी बीमारियों की समय पर जांच और संतुलित आहार लेने के महत्व पर प्रकाश डाला। अधिकारियों ने कहा कि “स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार और प्रगतिशील समाज की नींव है।
अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं को मुफ्त जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल महिलाओं को जागरूक करने और उनके स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन