Ghansyam Sharma / Wed, Jul 30, 2025 / Post views : 177
आकांक्षा हाट का हुआ शुभारंभ
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
संपूर्णता अभियान के तहत आज कोंडागांव के सामुदायिक भवन में गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत सदस्य नंदकुमार राठौर, दीपेश अरोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने की।
इस अवसर पर आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के विभिन्न इंडीकेटर में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने वाले 66 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर और उपस्थित अतिथियों ने सभी कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
कलेक्टर ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, जल संसाधन और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति करना है। उन्होंने बताया कि कोंडागांव जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एएनसी जांच, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, 9 से 11 माह के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण, स्कूलों में विद्युतीकरण एवं पुस्तक वितरण जैसे महत्वपूर्ण इंडीकेटर पर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है।
इसी तरह माकड़ी विकासखंड ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एएनसी जांच, शुगर जांच, उच्च रक्तचाप जांच, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण तथा महिला स्व-सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड प्रदान करने में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए नीति आयोग ने छत्तीसगढ़ के दो जिलों को गोल्ड मेडल प्रदान किया है, जिनमें कोंडागांव भी शामिल है।
आकांक्षा हाट का शुभारंभ
सम्मान समारोह के साथ ही आकांक्षा हाट का शुभारंभ भी किया गया। यह प्रदर्शनी 01 अगस्त तक विकास नगर सामुदायिक भवन में लगाई गई है। इसमें बिहान योजना के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। हाट में हस्तशिल्प, बांस और लोहे के उत्पाद, कोसा वस्त्र, खाद्य सामग्री एवं गृह उपयोगी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं ने बताया कि इस प्रकार के हाट न केवल उन्हें अपने उत्पादों के विपणन का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी मददगार साबित हो रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी ने भी महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सम्मान समारोह उन कर्मचारियों और महिला समूहों के परिश्रम का परिणाम है जिन्होंने जिले के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने अपील की कि सभी विभाग इसी तरह टीम भावना से कार्य करते रहें ताकि आने वाले समय में कोंडागांव प्रदेश और देश में एक आदर्श आकांक्षी जिला बन सके।
सोत्रprokgn
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन