Ghansyam Sharma / Thu, Aug 21, 2025 / Post views : 161
जगदलपुर। पत्रिका लुक
वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि क्षेत्र में किसानों का रुझान उद्यानिकी फसलों की ओर तेजी से बढ़ रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए सोनारपाल में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बोड़नपाल और सोनारपाल में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 80 लाख 57 हजार रुपये की लागत से 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी है। 18 लाख आवासों के निर्माण की स्वीकृति इसका बड़ा उदाहरण है। ग्रामीणों की मांग पर सोनारपाल में मंदिर के निकट हैंडपंप खनन, बड़ेपारा तारागांव व सोनारपाल ठाकुरपारा में पुलिया, माता मंदिर तारागांव में भवन, स्कूल में शेड, बाकेल में धान खरीदी केंद्र, डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से एनीकट निर्माण, जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी और सिलाई सेंटर स्थापना की घोषणा भी की गई।
सोनारपाल में 34 लाख 32 हजार रुपये और बोड़नपाल-2 में 46 लाख 25 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सोनारपाल में मारीपारा स्थित माध्यमिक विद्यालय के पास पुलिया, मारीपारा से बंगा घर तक सीसी सड़क, हनुमान मंदिर से संतोषी किराना दुकान तक नाली, सीएससी भवन, तारागांव में सीसी सड़क और बाजार शेड का निर्माण शामिल है। वहीं बोड़नपाल-2 में छात्रावास बेसोली क्रीड़ा परिसर में हाईमास्ट लाइट, स्कूलपारा में पुलिया, बाकेल में साप्ताहिक बाजार हेतु शेड और अमडीगुड़ा पारा में पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनहितैषी कार्य जारी रहेंगे।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन