Ghansyam Sharma / Tue, Sep 16, 2025 / Post views : 191
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नगर के PWD (लोक निर्माण विभाग) कार्यालय परिसर में दो दिनों से एक बीमार बैल को रस्सी से बांधकर छोड़ दिया गया है। बैल को बांधे हुए आज दूसरा दिन से अधिक हो चुके हैं, मगर चारे पानी का इंतजाम नहीं किया जा रहा। हालत यह है कि बैल अब तड़पते हुए मौत का इंतजार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार यह बैल बीते दिनों नगर में घूमते-घूमते PWD कार्यालय तक पहुंच गया था। इसके बाद से ही वह कार्यालय परिसर में डेरा जमाए हुए था। लोगों के डर और शिकायत पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने बैल को रस्सी से बांध तो दिया, लेकिन इसके बाद न उसकी सुध ली गई और न ही किसी डॉक्टर को बुलाया गया।
लोगों में चर्चा – कुत्ते के काटने या नशा करने की आशंका।
कार्यालय परिसर में बंधे बैल को देखकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ का कहना है कि बैल को कुत्ते ने काट लिया है, जिससे वह पागल हो गया है। वहीं कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि उसने कोई नशीली चीज खा ली है, जिसकी वजह से उसका व्यवहार असामान्य हो गया है। लेकिन अब तक कोई भी पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचकर इसकी पुष्टि नहीं कर पाया है।
कर्मचारी और आमजन डरे-सहमे
कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी और आने-जाने वाले लोग भी बैल से डरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कई बार बैल ने लोगों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके कारण लोग उसके पास जाने से बचते हैं। स्थिति यह है कि कार्यालय परिसर में बंधे इस बैल को लोग दूर से ही देखकर खौफजदा हो जाते हैं।
लोगों ने लगाई गुहार
स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों का कहना है कि नगर पालिका और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से बैल की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। न तो उसका इलाज कराया जा रहा है और न ही उसे किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर बैल को इलाज उपलब्ध कराए, ताकि उसकी जान बच सके और आम लोगों को भी भयमुक्त वातावरण मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन