Ghansyam Sharma / Wed, Aug 13, 2025 / Post views : 167
सीपीआई ने मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर दिया ज्ञापन
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला3 अंतर्गत माकड़ी तहसील के ग्राम भवता के शासकीय प्राथमिक स्कूल भवन की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। छत और दीवारों के टूटने से बच्चों की पढ़ाई खतरे में पड़ गई है। ग्रामीणों ने कई बार जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को आवेदन देकर भवन की मरम्मत की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को सीपीआई (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया) ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा। जिला सचिव शैलेश शुक्ला ने कहा कि लगातार ग्रामीणों द्वारा जर्जर भवन की मरम्मत के लिए कलेक्टर सहित अन्य विभागों को आवेदन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द स्कूल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
शुक्ला ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन के पास फंड नहीं है, तो हमें लिखित में बताएं। हम कोंडागांव जिले में भीख मांगकर जिला प्रशासन को देंगे ताकि वे स्कूल का मरम्मत करा सकें, क्योंकि सरकार शायद किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है। उन्होंने राजस्थान के झालावाड़ की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां स्कूल भवन गिरने से कई बच्चों की मौत हो गई थी। ऐसा न हो कि कोंडागांव में भी बच्चों की जान जाने के बाद ही मरम्मत और सुधार कार्य शुरू किया जाए।
ग्रामवासियों का कहना है कि अगस्त 2023 में बरसात के दौरान स्कूल की छत का हिस्सा गिर गया था। इस संबंध में विकास खंड शिक्षा अधिकारी, माकड़ी को भी सूचना दी गई थी, लेकिन दो साल बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जर्जर भवन के कारण अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में डर महसूस कर रहे हैं और बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन देने के दौरान बड़ी संख्या में सीपीआई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन