Ghansyam Sharma / Thu, Jun 26, 2025 / Post views : 192
कोंडागांव | पत्रिका लुक
जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन गुरुवार को कोण्डागांव के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विधायक सहित अन्य अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं फूल देकर आत्मीयता से उनका स्वागत किया।
विधायक लता उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को "लर्न टुडे, लीड टूमारो" का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत और ईमानदारी आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को अपने रुचि के क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसे करने का दृष्टिकोण महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान और उनके मार्गदर्शन में पढ़ाई करने की बात कही।
जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय इसलिए भी गौरवान्वित है कि यहां से पढ़कर निकलीं सुश्री लता उसेण्डी आज जिले की विधायक हैं। उन्होंने बच्चों को हैंडराइटिंग सुधारने, आत्मविश्वास बनाए रखने और मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सरस्वती सायकल योजना के तहत 20 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल का वितरण किया गया। इसके साथ ही राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम तथा उपाध्यक्ष जसकेतू उसेण्डी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जिससे बच्चे अपने साथ-साथ समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक लता उसेण्डी, कलेक्टर नुपूर पन्ना सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वयं बच्चों को पंक्ति में बैठाकर भोजन परोसा। इस आत्मीय दृश्य ने बच्चों के साथ-साथ उपस्थित जनसमूह को भी अभिभूत कर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मनोज जैन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न शालाओं के प्रधानपाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और बच्चों के चेहरों पर उत्साह और उमंग साफ झलक रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन