Ghansyam Sharma / Tue, Oct 28, 2025 / Post views : 200
कोण्डागांव । पत्रिका लुक (सरला यादव)
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को समय-सीमा बैठक में धान खरीदी, राज्योत्सव एवं बस्तर ओलंपिक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल में धान खरीदी हेतु शेष किसानों का पंजीयन जल्द से जल्द पूर्ण कराने और पीडीएस दुकानों से बारदाना संग्रहण में तेजी लाते हुए पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारी की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ समय पर पूर्ण करने तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी को आकर्षक ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही बस्तर ओलंपिक की विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु तिथियाँ निर्धारित कर अनिवार्य रूप से मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनान्तर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने, लखपति दीदियों के एफडी कराने तथा जीवन ज्योति योजना, आयुष्मान कार्ड एवं सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं में अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी एवं समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता से दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, डीएफओ चुड़ामणि सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन