Ghansyam Sharma / Sun, Aug 17, 2025 / Post views : 178
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जेसीआई कोंडागांव स्टार एवं नवोदय विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन की उपयोगी तकनीकें सिखाई गईं।
कार्यक्रम का नेतृत्व जेसीआई अध्यक्ष जेसी संयम गोलछा व आईपीटी डॉ. नीता मिश्रा ने किया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के प्राचार्य पवन सिंह, प्रधानाचार्य अदीप मिश्रा, लाइब्रेरियन, सचिव जेसी कुंदन साहू और जेसी पूनम पाणिग्रही का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर दो अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में डॉ. नीता मिश्रा ने विद्यार्थियों को आकर्षक खेल और गतिविधियों के माध्यम से लक्ष्य तय करने और उसे पाने की रणनीतियाँ समझाईं। उन्होंने 3जी मैथड, स्मार्ट गोल एवं जीवन में आने वाले अवरोधों से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए। अंत में उन्होंने छात्रों से आई चार्ट बनवाकर अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र का संचालन भिलाई माइलस्टोन अकादमी के संचालक जे.एफ.एम.जी.एस.एम. वामसी सर ने किया। उन्होंने डांस की रोचक शुरुआत के साथ छात्रों को समय प्रबंधन के महत्त्वपूर्ण उपाय बताए। इसमें पैमाडोरो तकनीक, टाइम ब्लॉकिंग और शेड्यूलिंग पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को परीक्षा की तैयारी और दैनिक जीवन में समय का सदुपयोग करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
दोनों सत्रों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सफलता के लिए दृढ़ संकल्प दोहराया। साथ ही निजी कठिनाइयों एवं उनके समाधान पर भी खुलकर चर्चा की। आयोजन से छात्रों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी-कर्मचारी तथा समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जेसीआई कोंडागांव स्टार द्वारा जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में समय-समय पर निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को निरंतर लाभ मिल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन