Ghansyam Sharma / Wed, Jul 30, 2025 / Post views : 197
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नई शिक्षा नीति (एनईपी) की पाँचवीं वर्षगांठ के अवसर पर आज देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से 22 केंद्रीय विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इन्हीं में से एक भवन कोंडागांव जिले के बड़े कनेरा रोड, बंधापारा स्थित केंद्रीय विद्यालय का है, जिसका स्थानीय स्तर पर भव्य कार्यक्रम के साथ शुभारंभ किया गया।
स्थानीय लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और विशेष अतिथि के रूप में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्यगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय परिवार, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
विधायक ने जताई गर्व की अनुभूति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि "केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव की स्थापना की प्रक्रिया मेरे कलेक्टर कार्यकाल में प्रारंभ हुई थी। आज विधायक के रूप में इसके नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करना मेरे लिए गर्व और संतोष का क्षण है।
उन्होंने बताया कि यह विद्यालय न केवल कोंडागांव जिले बल्कि आसपास के अंचलों के विद्यार्थियों के लिए उच्च स्तरीय शिक्षा का केंद्र बनेगा। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विद्यालय को पीएम योजना में शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन और अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह विद्यालय जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे इस भवन में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार उच्च शिखर तक पहुंचने का प्रयास करें।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन
नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान और कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। भवन का डिजाइन विद्यार्थियों की शैक्षणिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
अभिभावकों और विद्यार्थियों की खुशी
विद्यालय के लोकार्पण से अभिभावकों और विद्यार्थियों में हर्ष की लहर है। विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें बड़े शहरों की तरह आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। अभिभावकों ने आशा व्यक्त की कि इस विद्यालय से पढ़कर बच्चे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
शिक्षा में नई दिशा की उम्मीद
केंद्रीय विद्यालय की यह उपलब्धि कोंडागांव जिले के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जिले के ग्रामीण व आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
सोत्रprokgn
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन