Ghansyam Sharma / Sat, Aug 9, 2025 / Post views : 166
““पोदल उरस्कना” वृक्षारोपण में जिलेभर के थानों, चौकियों और कैंपों में लगा एक पेड़ शहीदों के नाम…
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
हरियाली और स्मृति-दोनों को साथ लेकर चलने वाला एक अनूठा अभियान शनिवार को कोंडागांव जिले में शुरू हुआ। “पोदल उरस्कना” नाम से आयोजित इस वृक्षारोपण कार्यक्रम को इस वर्ष थीम “एक पेड़ शहीदों के नाम” के तहत मनाया जा रहा है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज (IPS) के निर्देश पर आयोजित इस अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने पौधारोपण कर की। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल (CPS), सभी राजपत्रित अधिकारी और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहीदों के सम्मान में पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में यह अभियान जिले के हर थाना, चौकी, पुलिस कैंप और कार्यालय में एक साथ चला। दिनभर में करीब 1000 पौधे लगाए गए, जिनमें आम, नींबू, अशोक, जामुन, गुलमोहर, नीम, करंज और अन्य स्थानीय प्रजातियां शामिल हैं। यह पहल न केवल शहीदों की याद को जीवंत रखेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में जिले के वातावरण को भी हरा-भरा बनाएगी। जवानों का कहना है कि यह कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन