Ghansyam Sharma / Fri, Sep 26, 2025 / Post views : 175
कोंडागांव। पत्रिका लुक
अनंतपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा सुनिता नेताम ने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। सुनिता का चयन तीन खेलों — 100 मीटर, 200 मीटर और 4x100 मीटर रिले रेस — में राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है।
जगदलपुर में आयोजित अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिता में सुनिता ने 100 मीटर, 200 मीटर, लंबी कूद और रिले रेस में हिस्सा लिया। प्रशिक्षक पी.टी.आई. कुंजन लाल ठाकुर, शिक्षक चरण सिंह मरकाम व अधीक्षिका श्रीमती खिलेश्वरी मरकाम के मार्गदर्शन में उन्होंने तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर लखनऊ में होने वाले नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।
गांव लौटने पर सुनिता का भव्य स्वागत बाजे-गाजे और मांदरी नृत्य के साथ किया गया। अटल चौक से विद्यालय तक निकली रैली में ग्रामीणों ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रद्द्मा बघेल, जनपद सदस्य श्रीमती निलिमा प्रभाकर, ग्राम सरपंच विकम मंडावी, पूर्व सरपंच दयालराम नेताम, प्राचार्य डी.के. कोमरे व अन्य जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार व ग्रामीणों ने सुनिता को उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन