Ghansyam Sharma / Fri, Jul 25, 2025 / Post views : 209
मोहम्मद नगर में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बने वार्ड वासी
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( मो. शकील सिद्दीकी)
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मोहम्मद नगर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाया गया। मोहम्मद नगर वार्ड के निवासियों ने मिलकर मोहब्बत से अपनी मां के नाम पर 100 से अधिक पौधों का सामूहिक पौधारोपण किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने सहभागिता की।
पूर्व सदर मोहम्मद यासीन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में दी गई अपील से प्रेरित होकर इस पहल की शुरुआत की गई है। यासीन कहा, हम सबकी जिम्मेदारी है कि अपनी धरती के प्रति प्रेम और कर्तव्य को निभाएं। एक पेड़ लगाना केवल पौधारोपण नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदान देने जैसा है।
पौधारोपण के दौरान मोहम्मद नगर के नागरिकों ने शपथ ली कि वे सभी पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और तब तक उनका संरक्षण करेंगे जब तक वे पूर्ण रूप से विकसित न हो जाएं। इस दौरान नीम, पीपल, आम, जामुन, करंज, सीताफल जैसे मिश्रित पौधों का रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण को विविध जैविक लाभ प्राप्त होंगे।
मोहम्मद यासीन ने कहा, आज देश और विशेषकर बस्तर अंचल में अंधाधुंध पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। यदि हम समय रहते सचेत नहीं हुए, तो भावी पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा। एक पेड़ लगाना सिर्फ पर्यावरण की सेवा नहीं, बल्कि अपनी मां और धरती व कर्मभूमि के प्रति कर्तव्य है।
पौधारोपण कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि यह किसी संस्था या संगठन द्वारा नहीं, बल्कि मोहल्ले के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से और आत्मीयता के साथ किया गया, जो समाज को पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।
इस दौरान वरिष्ठ देवेंद्र राम यादव, वीरू वैश्य, संजय राठौड़, समीर गुप्ता, अनिल यादव, गुड्डू, रशीद अंसारी, पवन झा, शकील सिद्दीकी, हीना सिद्दीकी, दीपा राठौड़, पिंकी जैन, अनिला अंसारी, नूतन झा सहित अन्य अन्य वार्ड वासी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन