Ghansyam Sharma / Sat, Sep 13, 2025 / Post views : 210
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
केशकाल विधानसभा क्षेत्र के बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदली में मरकाम परिवार द्वारा पारंपरिक नवाखानी ठाकुर जोहारनी पर्व का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के करीब 50 पंचायतों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पटेल, गायता, पुजारी और सरपंच श्रीमती गणेशबती मरकाम की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के साथ हुई। परंपरा के अनुसार नये अन्न को इष्ट देव बुढ़ादेव को अर्पित किया गया और इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर चिवड़ा, रोटी व अन्य व्यंजन ग्रहण किए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संतराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बड़ी संख्या में आदिवासी समाज की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि आज भी आदिवासी समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। उन्होंने कहा कि हमें इस धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाकर संरक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम में समाज प्रमुखों को पारंपरिक तरीके से सफेद पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। पूर्व मंत्री शिव नेताम ने ठाकुर जोहारनी पर्व के इतिहास और आदिवासी समाज में इसकी सामाजिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
नवाखानी पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और परंपरा के संरक्षण का प्रतीक माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन