Ghansyam Sharma / Mon, Jun 9, 2025 / Post views : 156
सुकमा । पत्रिका लुक
राज्य के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक बार फिर नक्सलियों की कायराना हरकत ने सुरक्षाबलों को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को कोन्टा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा के समीप प्लांट किए गए प्रेशर IED की चपेट में आकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरिपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान वे वीरगति को प्राप्त हुए। इस हमले में कोंटा थाना प्रभारी सोनम ग्वाला, एसडीओपी (ADOP) समेत अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कोन्टा अस्पताल में जारी है।
गश्त के दौरान हुआ हमला
यह दर्दनाक घटना उस वक्त हुई जब अतिरिक्त एसपी आकाश राव गिरिपुंजे क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। गश्त 10 जून को प्रस्तावित भारत बंद के मद्देनज़र की जा रही थी, जिसे भाकपा (माओवादी) द्वारा बुलाया गया है। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम डोंड्रा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी नक्सलियों द्वारा जमीन में दबाकर रखे गए प्रेशर IED में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तीव्र था कि ASP गिरिपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
घायल अधिकारियों की स्थिति
घटना में घायल अन्य अधिकारियों और जवानों को त्वरित प्राथमिक उपचार के बाद कोन्टा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल अधिकारियों की पहचान कोंटा टीआई सोनम ग्वाला और एसडीओपी (ADOP) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
गृह मंत्री ने जताया शोक
घटना पर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा, “शहीद आकाश राव गिरिपुंजे की वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करता हूं। उन्होंने प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। सरकार उनके परिवार के साथ है और हरसंभव मदद की जाएगी।”
बढ़ाई गई सुरक्षा
विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नक्सली गतिविधियों की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। ड्रोन और सर्च ऑपरेशन के ज़रिए इलाके की गहन निगरानी की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन