Ghansyam Sharma / Wed, Jul 2, 2025 / Post views : 162
बेटियों को निःशुल्क साइकिल, मेधावी छात्रों को सम्मान और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संदेश
कोण्डागांव/फरसगांव। पत्रिका लुक
विकासखंड फरसगांव अंतर्गत ग्राम चरकई में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर केशकाल विधायक माननीय नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
विधायक टेकाम ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन की शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि "शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाती है, और हम सबकी जिम्मेदारी है कि हर बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।" उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और माता-पिता, गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही सरकार की मुख्यमंत्री सरस्वती सायकल योजना के तहत बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और नियमित विद्यालय आ सकें।
एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। एक विद्यार्थी को उस पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक जुड़ाव दोनों का संदेश प्रसारित हो।
इस अवसर पर विधायक टेकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि "हर माता-पिता और शिक्षक को मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लेना चाहिए। यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती प्रमिला मरकाम ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकु नेताम, जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति सभापति जद्दूराम नाग, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मूलचंद पांडे, जिला पंचायत सदस्य शजयलाल नाग एवं श्रीमती कल्ता मंडावी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण बदेशा एवं प्रवीण राव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में फरसगांव एसडीएम, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सहित समस्त विभागीय अधिकारी, ब्लॉक के शिक्षकगण, पालकगण एवं ग्रामीण जन बड़ी संख्या में मौजूद थे। सभी ने मिलकर शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण की त्रिवेणी भावना के साथ इस आयोजन को सफल बनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन