Ghansyam Sharma / Sat, Aug 23, 2025 / Post views : 179
गरियाबंद। पत्रिका लुक
नशे के कारोबार के खिलाफ गरियाबंद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 1 क्विंटल 96 किलोग्राम गांजा, दो लग्जरी वाहन, मोबाइल फोन समेत कुल 40 लाख 81 हजार रुपए का माल बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर मालगांव में चेक पोस्ट
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद गरियाबंद पुलिस ने मालगांव के पास विशेष मोबाइल चेक पोस्ट लगाया। चेकिंग के दौरान एक इनोवा और एक बलेनो कार को रोककर जांच की गई।
दोनों वाहनों से मिला भारी जखीरा
जांच में इनोवा वाहन से 101.20 किलोग्राम गांजा और बलेनो वाहन से 95.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 19 लाख 63 हजार रुपए आंकी गई है।
फिल्मी स्टाइल में कर रहे थे तस्करी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी फिल्मी स्टाइल में तस्करी को अंजाम दे रहे थे। वे लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल कर राज्यों की सीमाओं को पार कर रहे थे ताकि पुलिस को शक न हो।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार तस्करों में तीन आरोपी मध्यप्रदेश के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी भिलाई (छत्तीसगढ़) का रहने वाला है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन