Ghansyam Sharma / Sat, Apr 25, 2026 / Post views : 36
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग, जोंधरापदर और कोपाबेड़ा क्षेत्र में नारंगी नदी के पुल एवं स्टापडेम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, सिंचाई और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तीनों स्थलों पर जलभराव को प्रभावी बनाने के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार करने और सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिया के नीचे मुक्तिधाम के पास नदी के दोनों तटों पर घाट निर्माण और तटरक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जोंधरापदर स्थित स्टापडेम के जीर्णोद्धार के साथ तट संरक्षण, घाट निर्माण, गार्डन और पाथवे विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। इन कार्यों के पूर्ण होने से जोंधरापदर पुल से राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिया तक ग्रीष्मकाल में भी जलभराव बनाए रखना संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्र में जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इसके अलावा खड़कघाट स्थित स्टापडेम के गेट की मरम्मत और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तिरिया खड़कघाट से बम्हनी तक नदी संरक्षण और पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए एक समग्र मास्टर प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही कोपाबेड़ा जलाशय और बम्हनी व्यपवर्तन योजना के माध्यम से सिंचाई सुविधा का विस्तार करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन