Ghansyam Sharma / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 24
नारायणपुर। पत्रिका लुक
धनोरा पुलिस ने करीब चार साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना धनोरा में अपराध क्रमांक 05/2022 के तहत ग्राम टेकानार में हुई हत्या के मामले में धारा 302, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद मामले में संलिप्त तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और पतासाजी कर रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनी पोयाम उर्फ कोइड़ा दण्डामी (27), सीता राम उसेंडी (22) और सुखराम उसेंडी (41) शामिल हैं। तीनों ग्राम टेकानार, थाना धनोरा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर 7 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध कितना भी पुराना हो, कानून से बचना संभव नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन