Ghansyam Sharma / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 31
बीजापुर। पत्रिका लुक
आवापल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम मुरदण्डा में सरपंच, उपसरपंच और एक ग्रामीण के नाम धमकी भरे पर्चे मिलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों को कुल सात पर्चे मिले थे। पर्चों में सरपंच नारायण काका, उपसरपंच नारायण कचलम और ग्रामीण जयमूर्ति चापड़ी को धमकी दी गई थी।
सरपंच नारायण काका की रिपोर्ट पर आवापल्ली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच करते हुए पर्चे तैयार करने और फेंकने वालों की पतासाजी की गई।
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि ग्राम मुरदण्डा-बायेगुड़ा निवासी संदीप मड़कम का संबंधित भूमि पर करीब पांच साल से अवैध कब्जा था। जून 2026 में तहसीलदार द्वारा सीमांकन कर स्कूल भवन निर्माण की प्रक्रिया के तहत कब्जा हटाया गया था। पुलिस का दावा है कि इसके बाद संदीप ने नागेश बोड़के के साथ मिलकर माओवाद की आड़ में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से धमकी भरे पर्चे तैयार कर रास्ते में फेंके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस और छत्तीसगढ़ जनसुरक्षा अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध पर्चे या गतिविधि की सूचना तत्काल थाने में देने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन