Ghansyam Sharma / Sun, Jun 29, 2025 / Post views : 166
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
शहर के मध्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) किनारे स्थित राम मंदिर तालाब की रेलिंग और रिटर्निंग वॉल पहली ही बारिश में भरभरा कर गिर गई। सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु इससे भविष्य में गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका गहरा गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब सौंदर्यीकरण के तहत हाल ही में रेलिंग और रिटर्निंग वॉल का निर्माण कराया गया था। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन था, जिसकी वजह से हल्की बारिश में ही यह ढह गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अजय उरांव, नगर पालिका सीएमओ दिनेश डे, नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, राजस्व अमला तथा यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यातायात को नियंत्रित करते हुए, बिजली विभाग द्वारा सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर और विद्युत पोलों को हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।
बता दें कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। ऐसे में ढही हुई संरचना के कारण दुर्घटनाओं का जोखिम लगातार बना हुआ है। अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने नगर पालिका द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर मरम्मत की कार्रवाई जल्द शुरू करने की बात कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन