Ghansyam Sharma / Fri, Oct 16, 2026 / Post views : 3
जगदलपुर। पत्रिका लुक
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देने और राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रारूप में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम निर्धारित करने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ की बस्तर जिला इकाई ने बस्तर और जगदलपुर में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जनगणना में ओबीसी की जातिवार गणना सुनिश्चित करने तथा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सामने लाने की मांग उठाई।
बस्तर में संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। वहीं, जगदलपुर में जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ओबीसी वर्ग की मांगों से अवगत कराया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना के आंकड़े सामाजिक और आर्थिक योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में ओबीसी की जनसंख्या का स्पष्ट आकलन होना आवश्यक है।
ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी राष्ट्रीय जनगणना के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम निर्धारित किया जाए। साथ ही जातिवार गणना के लिए राज्यवार जातियों की स्पष्ट सूची और डिजिटल प्रणाली में ड्रॉपडाउन विकल्प उपलब्ध कराया जाए, ताकि जातियों के वर्गीकरण में होने वाली संभावित त्रुटियों और आंकड़ों में गड़बड़ी की आशंका को कम किया जा सके।
महासभा ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध होने से शिक्षा, सरकारी नौकरियों, आरक्षण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण में मदद मिल सकती है। इससे पिछड़े वर्गों की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने और सरकारी संसाधनों के उचित वितरण में भी सहायता मिलेगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान और जातिवार आंकड़ों की उपलब्धता सामाजिक न्याय से जुड़े विषय हैं। इसलिए केंद्र और राज्य सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से मांगों को शासन तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई के लिए पहल करने का आग्रह किया गया। इस दौरान संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु, संभाग उपाध्यक्ष तुलसी ठाकुर, संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर एवं योगेश्वरी साहू, जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव एवं मुन्ना लाल यादव, जिला उपाध्यक्ष गेंदालाल सोनी, जगदलपुर शहर अध्यक्ष जगमोहन यादव, ओबीसी महासभा युवा मोर्चा के सचिव मनोज ठाकुर, कमल दिवान, देवनाथ ठाकुर, जयप्रकाश पटेल, सदाशिव ठाकुर, बनमाली यादव, दशामनी, पपेश्वरी ठाकुर सहित नारायण एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन