Ghansyam Sharma / Fri, Oct 16, 2026 / Post views : 18
कोण्डागांव।पत्रिका लुक
जिले में कपड़ों के अपशिष्ट का उपयोग कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की पहल की गई है। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी ने गुरुवार को बड़ेकनेरा मार्ग स्थित सर्व मांगलिक भवन में कॉटन गद्दा निर्माण इकाई का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मौजूद रहे।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि गारमेंट फैक्ट्री से निकलने वाले कपड़ों के अवशेष से गद्दे तैयार करने की पहल सराहनीय है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और अपशिष्ट का उपयोगी पुनः उपयोग भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को लगन से प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर लगभग पांच लाख रुपये की लागत से यह इकाई स्थापित की गई है। इसका उद्देश्य कपड़ों के अपशिष्ट का सदुपयोग करने के साथ स्थानीय लोगों को आजीविका से जोड़ना है।
वर्तमान में इकाई में 10 हितग्राही कार्यरत हैं। यहां कॉटन गद्दे, कुशन और तकिए तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक हितग्राही को लगभग 7,500 से 10,000 रुपये मासिक आय मिलने की संभावना है। इकाई के माध्यम से लगभग 30 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल के तहत महिलाओं, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और दिव्यांग युवाओं को भी रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, पार्षद संतोष पात्रे, ललित देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन