Ghansyam Sharma / Fri, Oct 31, 2025 / Post views : 223
राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए दिलाई गई शपथ
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आज सुबह विकास नगर स्टेडियम में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, व्यायाम शिक्षक, खेल संघ, सेना भर्ती के प्रशिक्षणार्थी, छात्र-छात्राओं, युवाओं, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
दौड़ का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह दौड़ विकास नगर स्टेडियम से प्रारंभ होकर जिला कोर्ट परिसर, नेशनल हाईवे, जय स्तंभ चौक एवं बाजार पारा से होते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कार्यक्रम के शुभारंभ में सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए समर्पित होकर कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
इस दौरान तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मनोज जैन, पार्षदगण हर्ष ढिल्लन, सोनमणि, सुमन शुक्ला, लक्ष्मी ध्रुव, कुलवंत चहल सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश दांडे, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन