Ghansyam Sharma / Tue, Oct 28, 2025 / Post views : 197
भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ आयोजन
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
नगर में आज भगवान सहस्त्रबाहु (कार्तवीर्य अर्जुन) की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। प्रातः से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। श्रद्धालु भक्तों ने भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भक्तों ने “जय सहस्त्रबाहु भगवान” के जयघोष से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया। शोभायात्रा में सुसज्जित झांकियों के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधान धारण कर शामिल हुईं, वहीं युवाओं ने धार्मिक झांकी, नृत्य और गीत प्रस्तुत कर आकर्षण का केंद्र बनाया। नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान सहस्त्रबाहु को सामाजिक एकता, न्यायप्रियता और वीरता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु के आदर्श आज भी समाज को संगठित और सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती एवं हवन किया गया, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ। पूरा नगर भक्ति, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के संदेश से सराबोर दिखा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन