Ghansyam Sharma / Fri, Sep 11, 2026 / Post views : 83
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत कोण्डागांव अधिवक्ता संघ के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS ने अधिवक्ताओं को बढ़ते साइबर अपराध और ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधी फर्जी KYC अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन, फर्जी कस्टमर केयर, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर ठगी जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक अथवा फाइल को बिना सत्यापन खोला भी नहीं जाए।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए साइबर अपराध और सुरक्षा से जुड़े क्विज प्रश्न पूछे गए, जिसमें अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही जवाब देने वाले अधिवक्ताओं को पुलिस अधीक्षक ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
पंकज चन्द्रा ने कहा कि अधिवक्ता समाज का जागरूक वर्ग हैं और उनके माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। साइबर अपराध की रोकथाम पुलिस के साथ आम जनता, बैंकिंग संस्थाओं और अन्य संगठनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अपील की कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन