Ghansyam Sharma / Wed, Jul 30, 2025 / Post views : 194
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला मुख्यालय कोण्डागांव के अस्पताल वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार स्वयं उपस्थित होकर नन्हें-मुन्ने बच्चों को आंगनबाड़ी गणवेश वितरित किए।
एसपी ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनके पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मजबूत समाज की नींव स्वस्थ और शिक्षित बच्चे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बच्चों को फल, बिस्किट और खिलौने भी वितरित किए, जिससे बच्चे उत्साहित नज़र आए।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने आंगनबाड़ी में उपस्थित अभिभावकों से चर्चा की और उन्हें केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “यह केन्द्र केवल सरकार या कर्मचारियों का नहीं बल्कि पूरे समुदाय का है। आप सभी को चाहिए कि बच्चों को नियमित रूप से केंद्र भेजें, स्वच्छता पर ध्यान दें और समय-समय पर केंद्र की निगरानी करें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस दौरान अवगत कराया कि केंद्र में पेयजल की गंभीर समस्या है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारी को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक का यह कदम बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणादायक है। समुदाय के प्रति इस प्रकार की संवेदनशीलता से आंगनबाड़ी व्यवस्था और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, अभिभावक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन