Ghansyam Sharma / Sun, Aug 3, 2025 / Post views : 239
कोण्डागांव/केशकाल। पत्रिका लुक (मो.शकील सिद्दीकी)
कोण्डागांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में सफलता हासिल की है। बीते 11 अप्रैल को 262 किलो गांजा जब्त कर फरार हुए आरोपी ओमप्रकाश भादू (34 वर्ष, निवासी शादोलाई, बीकानेर राजस्थान) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक वॉय अक्षय कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल व एसडीओपी अरूण नेताम के मार्गदर्शन में साइबर सेल कोण्डागांव और थाना केशकाल की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर केशकाल पुलिस ने RJ-50 UA-0788 नंबर की सफेद फॉर्च्यूनर से 262.258 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 26 लाख रु.) और वाहन (कीमत 25 लाख रु.) जब्त किया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
जांच के दौरान साइबर सेल ने वाहन की फास्टैग डिटेल और मोबाइल नंबर की तकनीकी मॉनिटरिंग से आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। मोबाइल की लोकेशन उड़ीसा के मलकानगिरी में मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक धीरेंद्र ठाकुर, एएसआई निहार रंजन मण्डल, आरक्षक जगेश नेताम, मनोहर निषाद, फालेश्वर सिन्हा, गोविंद कश्यप तथा साइबर सेल के निरीक्षक सौरभ उपाध्याय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन