Ghansyam Sharma / Thu, Jul 24, 2025 / Post views : 183
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव पुलिस ने अवैध प्रेम संबंध के चलते हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे सहयोगी आरोपी सेवन गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
30 जून को ग्राम मगेदा के जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव संदिग्ध हालत में मिला था। थाना माकड़ी में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान धरमसिंह नेताम, निवासी उमरगांव, थाना सिहावा के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार के निर्देश पर, अति. पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
तकनीकी जांच में मृतक की पत्नी रवीना नागरची उर्फ रविना नागेश और उसके प्रेमी बिदेश मरकाम की संलिप्तता सामने आई। दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया और 12 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पूछताछ में हत्या में सहयोग करने वाले तीसरे आरोपी सेवन गोंड का नाम सामने आया, जो उड़ीसा का निवासी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार था।
24 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी धमतरी की ओर भाग रहा है। माकड़ी थाना व साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में उसे ग्राम गम्हरी बाजार चौक से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि घटना के दिन जो मोटरसाइकिल उपयोग की गई थी, वही उसके पास है। बरामद मोटरसाइकिल CG 05 U 9226 है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में माकड़ी थाना व साइबर टीम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन