Ghansyam Sharma / Mon, Jul 28, 2025 / Post views : 167
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 30 पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। वन मंडल क्षेत्र कोण्डागांव के पास हाईवे के बीचोंबीच दो बैल आपस में बुरी तरह भिड़ गए, जिससे करीब 5 से 7 मिनट तक यातायात पूरी तरह थम गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर भयभीत नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैलों व गायों का एक झुंड लंबे समय से हाईवे के इसी हिस्से में घूमता रहता है। आए दिन यह झुंड सड़क पर बैठ जाता है या अचानक सामने आ जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सोमवार को जब दो बैल आपस में लड़ने लगे तो उनकी भिड़ंत इतनी तेज थी कि उन्हें छुड़ाने की स्थानीय लोगों की कई कोशिशें नाकाम हो गईं। गनीमत रही कि किसी वाहन की सीधी टक्कर इन बैलों से नहीं हुई, वरना गंभीर हादसा हो सकता था।
लोगों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा पशुओं के लिए बनाए गए के कांजी हाउस पूरी तरह बेकार साबित हो रहे हैं। वहीं हाईवे टोल प्लाजा प्रबंधन भी टोल वसूली के बावजूद पशुओं को हटाने की जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब वे टैक्स और टोल शुल्क चुकाते हैं तो सड़क को सुरक्षित और साफ रखना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी बनती है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही से हाईवे पर आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसका खामियाजा आम जनता को ही भुगतना पड़ेगा ।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन