Ghansyam Sharma / Fri, Apr 2, 2021 / Post views : 125
जगदलपुर. कोरोना के टीके का पहला डोज लगाकर घोटिया के बलिराम कश्यप ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि कोरोना की खबरों से वे लगातार परेशान रहते थे। उन्हें अपने दैनिक गतिविधियों के कारण स्वयं की और अपने परिवार के सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी। बस्तर विकासखण्ड के ग्राम घोटिया के 50 वर्षीय बलिराम कश्यप पेशे से किसान हैं और उन्हें अपनी उत्पादों को बेचने के लिए अक्सर बाजार जाना पड़ता है। उसके बाद घर पहुंचने पर भरा-पूरा परिवार में छोटे-छोटे बच्चे भी जब पास आते तो वे उनकी सुरक्षा की चिंता के कारण भयभीत हो जाते थे। बलिराम ने बताया कि जब से शासन ने 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों को कोरोना का टीका लगाए जाने की खबर सुनी, तो उनकी चिंता कम हो गई। अच्छी बात यह है कि इस टीके के लिए उन्हे कोई शुल्क भी नहीं देना पड़ा। टीका लगाने के बाद उन्हें चिकित्सीय देखरेख की सुविधा भी मिली। उन्होंने आज कोरोना के टीके का पहला डोज लगाने के बाद कहा कि उनके स्वास्थ्य पर इसका कोई विपरीत प्रभाव नहीं दिख रहा है और उनका शरीर पूरी तरह स्वस्थ लग रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपने परिचितों को भी इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि सभी स्वस्थ और निरोग रहें, जिससे सभी के परिवारों में खुशहाली हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन